कोलकाता : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर का रेप और मर्डर करने के मुख्य आरोपी संजय रॉय की पॉलीग्राफ टेस्ट रिपोर्ट सामने आई है। इसमें उसने मर्डर से पहले क्या-क्या किया है, इसका पूरा विवरण दिया है। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने रविवार को संजय का पॉलीग्राफ टेस्ट किया है। रिपोर्ट के मुताबिक संजय रॉय ने पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान अपना जुर्म कबूल किया है। इसमें उसने मर्डर की रात की पूरी कहानी बयां की है। उसने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ कोलकाता के दो रेडलाइट एरियाज में गया था। हालांकि वहां पर उसने सेक्स नहीं किया। इसके अलावा उसने यह भी स्वीकार किया है कि उसने एक लड़की के साथ छेड़खानी भी की थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है। संजय रॉय ने यह भी बताया कि इस दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल भी की थी और उससे न्यूड फोटोज मांगी थीं।

ऐसा है पूरा विवरण

संजय रॉय ने आठ अगस्त की उस काली रात का पूरा विवरण दिया है। इंडिया टुडे के मुताबिक उस दिन संजय रॉय अपने दोस्त के साथ उसके भाई के बारे में जानकारी लेने आरजी कर मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। उसके दोस्त का भाई वहां पर भर्ती था।

करीब सवा 11 बजे रात में रॉय और उसके दोस्त अस्पताल से निकले और शराब पीने का फैसला किया। दोनों ने शराब खरीदी और सड़क के किनारे ही पीने लगे।

इसके बाद दोनों उत्तरी कोलकाता में स्थित रेड लाइट एरिया सोनागाछी जाने का फैसला लिया। हालांकि वहां जाने में सफल नहीं हुए। इसके बाद दोनों दक्षिण कोलकाता में स्थित एक अन्य रेड लाइट एरिया चेतला जाने का फैसला किया।

पॉलीग्राफ टेस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक चेतला जाते हुए दोनों ने एक लड़की के साथ सड़क पर छेड़खानी भी की।

चेतला में उसके दोस्त ने एक महिला के साथ सेक्स किया, जबकि संजय रॉय बाहर खड़ा अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करता रहा। इस दौरान रॉय ने गर्लफ्रेंड से उसकी न्यूड तस्वीरें मांगीं, जो उसने भेज दीं।

इसके बाद रॉय और उसका दोस्त वापस आरजी कर मेडिकल कॉलेज लौट आए। यहां से रॉय चौथी मंजिल पर स्थित ट्रॉमा सेंटर चला गया।

सुबह के चार बजे सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रॉय थर्ड फ्लोर पर स्थित सेमिनार हॉल के कॉरिडोर में जा रहा है।

रॉय सेमिनार हॉल में पहुंचता है जहां पीड़िता सो रही थी। उसने उसका गला दबाया और फिर उसके साथ रेप किया। इसके बाद वहां से निकलकर कोलकाता पुलिस अधिकारी अनुपम दत्ता के घर जाकर सो गया।

सीबीआई सूत्रों के मुताबिक संजय रॉय और उसके दोस्त द्वारा बताई गईं सारी लोकेशंस कॉल डेटा रिकॉर्ड से मैच हो रही हैं। सूत्रों ने यह भी कहा कि संजय रॉय के मोबाइल फोन पर बड़ी मात्रा में अश्लील सामग्री पाई गई थी। इसमें भाई-बहनों के बीच सेक्सुअल रिलेशन वाले वीडियो भी शामिल थे। इसने सीबीआई को रॉय का मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन करने के लिए प्रेरित किया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर का शव मिलने के एक दिन बाद 10 अगस्त को कोलकाता पुलिस ने रॉय (33) को गिरफ्तार किया था। डॉक्टर के शरीर के पास एक ब्लूटूथ डिवाइस पाया गया, जिससे रॉय की गिरफ्तारी हुई। सीसीटीवी फुटेज में वह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर भी दिखाई दिया, जहां सेमिनार हॉल स्थित है।