रायपुर में एक महिला ने थाने के अंदर अपनी दो महीने की बच्ची के साथ खुद को आग लगा ली। इससे दोनों झुलस गए। बताया जा रहा है कि, महिला अपने गोद में दुधमुंही बच्ची को भी पकड़ी हुई थी। घटना तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, महिला नंदनी सावरा (25 साल) तिल्दा के देवार पारा की रहने वाली है। तिल्दा थाना प्रभारी एसएस सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है, महिला का अपने पति के साथ किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला गुस्से में घर से बाहर निकली थी।
पुलिस वालों ने बचाई जान
महिला ने अपने पास केरोसीन (मिट्टी तेल) भी रखा हुआ था। उसने पुलिस थाने के गेट पर मिट्टी तेल शरीर पर छिड़क लिया फिर खुद को आग लगा दी। थाने के भीतर तैनात स्टाफ ने जब चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी तो फौरन बाहर दौड़कर आए।
उन्होंने कपड़े से लपेटकर महिला के शरीर में लगी आग बुझाई। इसके अलावा बच्चे के शरीर में भी आग पकड़ ली थी उसे भी बुझाया गया। फिलहाल तिल्दा नेवरा सामुदायिक अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद दोनों को डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया गया है।