Akshaya Tritiya 2025: अक्षय तृतीया हिंदू धर्म की पुण्य तिथियों में से एक है। पंचांग के अनुसार हर वर्ष वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को यह शुभ दिन आता है। साल 2025 में 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया है। इस दिन सोना-चांदी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। इसके साथ ही मूलांक के अनुसार अगर आप इस दिन चीजें खरीदते हैं तो पूरे साल आपको किस्मत का साथ मिलता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। 

मूलांक के अनुसार खरीदें ये चीजें

मूलांक 1- इस मूलांक का स्वामी ग्रह सूर्य है। इसलिए मूलांक 1 वालों को सूर्य से संबंधित वस्तुएं जैसे गेहूं, गुड़ इस दिन खरीदना चाहिए। संभव हो तो आप इस दिन सोने की खरीदारी भी कर सकते हैं। 

मूलांक 2- मूलांक 2 का स्वामी ग्रह चंद्रमा है। इस मूलांक वालों को अक्षय तृतीया के दिन चावल या सफेद रंग के खाद्य पदार्थ खरीदने चाहिए। सफेद रंग के वस्त्र भी आप खरीद सकते हैं। 

मूलांक 3- मूलांक 3 का स्वामी ग्रह बृहस्पति है। इस मूलांक वालों को पीले रंग के खाद्य पदार्थ इस दिन खरीदने चाहिए। इसके साथ ही धार्मिक पुस्तकें भी आप इस दिन खरीद सकते हैं। 

मूलांक 4- इस मूलांक वालों का स्वामी ग्रह राहु होता है। इसलिए मूलांक 4 वालों को उड़द की दाल या फिर नारियल खरीदना चाहिए। 

मूलांक 5- मूलांक 5 का स्वामी ग्रह बुध है। इस मूलांक वाले हरे रंग के खाद्य पदार्थ, पौधे, तुलसी आदि अक्षय तृतीया के दिन खरीद सकते हैं। 

मूलांक 6- मूलांक 6 वालों को अक्षय तृतीया के दिन चीनी, मिश्री, चांदी खरीदनी चाहिए। इन चीजों को खरीदने से इनका शुक्र मजबूत होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। 

मूलांक 7- केतु ग्रह मूलांक 7 के स्वामी हैं, इसलिए इन्हें केला, धार्मिक पुस्तकें अक्षय तृतीया के दिन खरीदने से लाभ प्राप्त होता है। 

मूलांक 8- शनि ग्रह मूलांक 8 के स्वामी हैं। इस मूलांक वालों को अक्षय तृतीया के दिन शनि से संबंधित चीजें जैसे- तिल, उड़द दाल, लोहे से बनी वस्तुएं आदि खरीदनी चाहिए। 

मूलांक 9- मूलांक 9 मंगल के स्वामित्व में आता है। इस मूलांक वालों को अक्षय तृतीया के दिन मिट्टी से बने पात्र, तांबे से बनी चीजें आदि खरीदने से लाभ प्राप्त हो सकता है।